GKC National Convention 2026 Patna: ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) का विराट राष्ट्रीय महाधिवेशन 20 दिसंबर 2026 को महाराष्ट्र के नवी मुंबई में आयोजित किया जाएगा। महाधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी कायस्थ समाज के प्रतिनिधि, विशिष्ट अतिथि और पदाधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।
जीकेसी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की हुई महत्वपूर्ण बैठक में आगामी महाधिवेशन, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान की विस्तृत रूपरेखा तय की गयी। बैठक की अध्यक्षता जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने की। बैठक में महाधिवेशन की तैयारियों, आयोजन समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, डिजिटल सदस्यता अभियान तथा देश-विदेश में संगठन की गतिविधियों के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।
श्री प्रसाद ने कहा कि “नवी मुंबई में होने वाला विराट कायस्थ महाधिवेशन समाज की एकता, सहभागिता और संगठनात्मक विस्तार को नई दिशा देने का अवसर है। हमारा प्रयास है कि देश के सभी राज्यों के साथ विदेशों में रहने वाले कायस्थ परिवारों को भी इस आयोजन से जोड़ा जाए। डिजिटल सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन को जिला और प्रखंड स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

महाधिवेशन में सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज के लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास होगा।”
महाधिवेशन के आयोजन और तैयारियों के लिए महाराष्ट्र में विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया । जीकेसी के राष्ट्रीय महासचिव नवीन कुमार को समिति का मुख्य प्रभारी बनाया गया है। स्थानीय स्तर पर तैयारियों को गति देने के लिए प्रदेश संयोजक अनिल कुमार चन्चल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संजय कामता प्रसाद, प्रदेश महासचिव सुनील कुमार सिन्हा और प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं।
श्री प्रसाद के अनुसार करीब चार घंटे तक चलने वाले इस भव्य महाधिवेशन का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा सांस्कृतिक गतिविधियों और कायस्थ समाज की गौरवशाली परंपराओं को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ संगठन की आगामी योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष – सह – प्रवक्ता कमल किशोर ने बताया कि बैठक में दो अक्टूबर को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर जीकेसी ऐप के माध्यम से व्यापक डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान प्रभारी नीलेश रंजन के मार्गदर्शन में यह अभियान देश के सभी राज्यों और जिलों में चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने तथा सदस्यता प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से व्यापक बनाने की योजना है।
जीकेसी की प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन के अनुसार महाधिवेशन में नेपाल से आठ से 10 सम्मानित अवार्डी एवं विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की योजना है। यूएई से सुरजीत शरण के नेतृत्व में प्रतिनिधि जुड़ेंगे। इसके अलावा 70 से अधिक देशों के प्रतिनिधि प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से महाधिवेशन में शामिल होंगे।
श्रीमती रागिनी रंजन ने कहा कि जीकेसी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना है। मुंबई और महाराष्ट्र में छठ पूजा के दौरान स्थानीय परिवारों से जनसंपर्क कर उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने की योजना है। नवी मुंबई में होने वाला महाधिवेशन देश-विदेश के कायस्थ परिवारों को एक-दूसरे से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। हमारी प्राथमिकता संगठन को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।”
उन्होंने कहा कि संगठन की जमीनी पहुंच को मजबूत करने के लिए मुंबई और महाराष्ट्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। छठ पूजा के दौरान स्थानीय परिवारों से संपर्क कर उन्हें जीकेसी की गतिविधियों और आगामी महाधिवेशन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
जीकेसी के ग्लोबल महासचिव नवीन कुमार ने कहा कि नवी मुंबई में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय महाधिवेशन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। महाधिवेशन के माध्यम से देश और विदेश में रहने वाले कायस्थ समाज के लोगों के बीच संवाद और संपर्क को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल सदस्यता अभियान से संगठन की पहुंच व्यापक होगी और अधिक से अधिक लोगों को जीकेसी की गतिविधियों से जोड़ा जा सकेगा। संगठन की ओर से महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रहने वाले प्रतिनिधियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
बैठक में महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। संगठन विस्तार, डिजिटल सदस्यता अभियान और स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क को महाधिवेशन की तैयारियों से जोड़ते हुए चरणबद्ध तरीके से गतिविधियां संचालित करने की योजना बनायी गयी है। जीकेसी ने देश-विदेश में रहने वाले कायस्थ परिवारों से महाधिवेशन में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
