Modinagar ROB construction: प्रस्तावित पुल निर्माण से 50 किरायेदार दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट, प्रशासन को ज्ञापन
Modinagar ROB construction: मोदीनगर के राज चौपला, महालक्ष्मी मार्केट, इंदिरा कॉम्प्लेक्स और हापुड़ रोड पर सालों से व्यापार कर रहे करीब 50 किरायेदार दुकानदार प्रस्तावित आरओबी (ROB) निर्माण से अपनी रोजी-रोटी को लेकर चिंतित हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे क्षेत्र के विकास और पुल निर्माण के खिलाफ बिल्कुल नहीं हैं, लेकिन निर्माण की जद में आने से उनका कारोबार पूरी तरह ठप हो जाएगा।
अपनी आजीविका बचाने के लिए दुकानदारों ने गाजियाबाद के एडीएम/एलएओ को सामूहिक ज्ञापन सौंपा है। उनकी मांग है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्रशासन सभी प्रभावित दुकानों का निष्पक्ष सर्वे और सत्यापन कराए। साथ ही वर्षों से व्यापार कर रहे किरायेदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें उचित मुआवजा और पास ही वैकल्पिक स्थान पर पुनर्वास की व्यवस्था दी जाए। दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है ताकि विकास की दौड़ में उनकी रोजी-रोटी न छीने।
