Sirsa Road Safety: सड़क पर गड्ढा मिला तो संबंधित एजेंसी पर होगी कार्रवाई: एडीसी अर्पित संगल
सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश
Sirsa Road Safety ( एम पी भार्गव ): सडक़ सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क निर्माण से जुड़ी प्रत्येक एजेंसी द्वारा एक-एक मॉडल रोड विकसित करने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉडल रोड पर सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया व एसडीएम डबवाली योगेश दिलहोर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सड़क पर गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए इन्हें किसी भी स्थिति में खुला न छोड़ा जाए। संबंधित एजेंसी गड्ढों की पहचान कर उन्हें तत्काल भरवाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सड़क पर गड्ढा पाया जाता है और उसके कारण दुर्घटना होती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शहरी क्षेत्रों में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सड़क यातायात के सुचारू संचालन के लिए हैं। अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम होने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ती है। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
छह माह में डीएलपी खत्म होने वाली सड़कों की सूची मांगी.
