Amritsar school threat: अमृतसर के चीफ खालसा दीवान स्कूल को धमकी, अचानक छुट्टी से मची अफरा-तफरी

स्कूल में धमकी की सूचना से सहमे अभिभावक, इमरजेंसी मैसेज के बाद बच्चों को बुलाया घर

Amritsar school threat: चीफ खालसा दीवान द्वारा संचालित श्री गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया जब स्कूल प्रशासन की ओर से अचानक छुट्टी घोषित कर दी गई और अभिभावकों को तुरंत अपने बच्चों को घर ले जाने के लिए संदेश भेजे गए। स्कूल के इस अप्रत्याशित कदम से न सिर्फ अभिभावकों की चिंता बढ़ गई, बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

​जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे के आसपास स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप्स पर संदेश और अभिभावकों के पास लगातार कॉल आने शुरू हुए, जिनमें बिना कोई स्पष्ट कारण बताए केवल ‘इमरजेंसी’ का हवाला देकर बच्चों को तुरंत ले जाने के लिए कहा गया। अचानक मिले इन संदेशों के बाद घबराए परिजन आनन-फानन में स्कूल के बाहर इकट्ठा होने लगे।

​स्कूल परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए एक महिला अभिभावक ने बताया कि उन्हें स्कूल की ओर से कोई पुख्ता कारण नहीं बताया गया, बस इतना कहा गया कि आपात स्थिति है और बच्चे को तुरंत ले जाएं। वहीं स्कूल के 9वीं कक्षा के छात्र रमनदीप सिंह और कुछ अभिभावकों ने बताया कि ऐसी चर्चाएं हैं कि स्कूल प्रबंधन को पैसों से संबंधित कोई धमकी भरा संदेश मिला है। इसमें कहा गया कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो स्कूल या बच्चों को निशाना बनाया जाएगा। इसी आशंका के चलते स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन बच्चों की छुट्टी करने का फैसला लिया।

​हालांकि, छात्रों के अनुसार स्कूल के शिक्षकों ने बच्चों को सीधे तौर पर कोई डराने वाली बात नहीं बताई, केवल आपात स्थिति का कहकर परिजनों को बुलाने का निर्देश दिया। देखते ही देखते स्कूल के बाहर अभिभावकों की लंबी कतारें लग गईं और सभी अपने-अपने बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने की जल्दी में दिखे। एक अन्य अभिभावक ने कहा कि उन्हें ग्रुप में आए मैसेज से ही जानकारी मिली और जब तक वे पहुंचे, तब तक ज्यादातर बच्चे जा चुके थे। स्कूल प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से खुलकर कोई बयान सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके। इस अचानक उपजी स्थिति ने स्कूल में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.