BJP Ellanabad Mandal Meeting: भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री ने बैठक में सभी बूथों की कार्यकारिणी गठित करने के दिए निर्देश
मेरा बूथ-सबसे मजबूत' ही चुनावी जीत का मूल मंत्र : फणिंद्रनाथ
Ellanabad, September 19 ( एम पी भार्गव ): भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ शर्मा ने शहर के वार्ड नंबर 17 में मंडल सचिव रामकिशन कंबोज के आवास पर ऐलनाबाद मंडल की बैठक ली। उनके साथ भाजपा के जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह, वरिष्ठ नेता अमीरचंद मेहता, जिला महामंत्री हनुमान कुंडू व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निताशा राकेश सिहाग भी मौजूद थे। यहां पहुंचने पर उन सभी का स्वागत किया गया।
इस बैठक में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए यहां की प्रमुख समस्याएं भी जानी। बैठक को संबोधित करते हुए फणिंद्रनाथ शर्मा ने जल्द से जल्द मंडल के सभी बूथों की मजबूत और समर्पित कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की चुनावी सफलता और संगठनात्मक विस्तार के केंद्र में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का मंत्र और उसकी समर्पित कार्यकारिणी रही है। किसी भी लोकतांत्रिक चुनाव में अंतिम विजय उसी दल की होती है जिसका मतदाताओं से सीधा और अटूट संपर्क होता है।

भाजपा ने इस राजनीतिक सत्य को समझते हुए अपनी संगठनात्मक संरचना को केवल राष्ट्रीय या राज्य स्तर तक सीमित न रखकर सीधे मतदान केंद्र यानी बूथ तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि’मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक सुव्यवस्थित संगठनात्मक मॉडल है। इसके अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर अध्यक्ष और समर्पित कार्यकर्ताओं की एक टीम गठित की जाती है। इस कार्यकारिणी की ताकत उनकी जमीनी सक्रियता में है। बूथ स्तर की टीम केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करती है। यह कार्यकारिणी जनता की समस्याओं और प्राथमिकताओं को संगठन तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत सेतु का काम करती है।
चुनाव वाले दिन यही समर्पित कार्यकारिणी सुनिश्चित करती है कि उनके क्षेत्र का प्रत्येक मतदाता समय पर मतदान केंद्र पहुंचे। अनुशासन, विचारधारा के प्रति निष्ठा और माइक्रो-मैनेजमेंट का यह मेल भाजपा को हर चुनाव में प्रतिस्पर्धियों पर रणनीतिक बढ़त दिलाता है। जब बूथ स्तर का कार्यकर्ता मजबूत और सक्रिय होता है, तो पार्टी की वैचारिक नींव और चुनावी तंत्र दोनों ही अजेय बन जाते हैं। उन्होंने इलाहाबाद मंडल के प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहचाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के अध्यक्ष भगवान सिंह बाजवा, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष नरेश कटारिया, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रवि लढा, सह जिला मीडिया प्रभारी सुभाष चौहान, मंडल अध्यक्ष शमिंदर कंबोज, वरिष्ठ नेता भूराराम डूडी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जसवीर चहल, राजकुमार तलवाडिया व मनोज चोटिया, धीरज मैहता, मनोनीत पार्षद नरेश अरोड़ा, मंडल महामंत्री ब्रह्मानंद शर्मा व दीपक मेहता, डा. विजय गर्ग व अन्य कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
