राज्य स्तरीय हिंदी सेवा पुरस्कार 2026 घोषित, 9 साहित्यकार सम्मानित होंगे – आचार संहिता के कारण 14 सितंबर का समारोह स्थगित
Ellenabad/Jaipur (डॉ एम पी भार्गव): भाषा एवं पुस्तकालय विभाग, राजस्थान ने राज्य स्तरीय हिंदी सेवा पुरस्कार 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष कुल नौ विभिन्न विधाओं में साहित्यकारों और लेखकों का चयन किया गया है, जिन्हें हिंदी भाषा की सेवा और साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कथा विधा में डॉ. ओम प्रकाश भार्गव, कथेतर के लिए डॉ. रामनारायण शर्मा और संविधान एवं विधि के क्षेत्र में डॉ. सुरेश के. वर्मा* को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।

इसके अलावा जनसंचार एवं पत्रकारिता में प्रबोध कुमार गोविल, विज्ञान एवं तकनीकी में डॉ. नितिन राजवंशी, चिकित्सा विज्ञान में डॉ. रीतिका ए. गांधी, कला-संस्कृति एवं पर्यटन में डॉ. सरोज कौशल, कृषि के क्षेत्र में डॉ. डी. कुमार तथा दर्शन, योग एवं अध्यात्म में शुद्धात्म प्रकाश जैन को हिंदी सेवा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

विभाग ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण प्रतिवर्ष 14 सितंबर को आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय हिंदी दिवस समारोह फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पुरस्कार वितरण की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
