Ellenabad: रुणिचा धाम के धनी श्री बाबा रामदेव भण्डारा सेवा समिति का 19वां महाविशाल भण्डारा 10 सितंबर से, प्रभु इच्छा तक चलेगा रात दिन लंगर
Ellenabad, September 9(एम पी भार्गव): बाबा रामदेव जी महाराज की असीम कृपा और भक्तों के सहयोग से श्री बाबा रामदेव भण्डारा सेवा समिति, ऐलनाबाद (रजि. 1488) द्वारा 19वां महाविशाल भण्डारा लगाया जा रहा है। समिति 30 अगस्त 2008 से निरंतर मानव सेवा में समर्पित है और हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा के जातरुओं के लिए विशाल भण्डारे का आयोजन कर रही है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह महाविशाल भण्डारा दिनांक 10 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक प्रभु इच्छा तक निरंतर चलेगा। भण्डारे का स्थान बीकानेर से 60 कि.मी. आगे जैसलमेर रोड, नजदीक सांखला फांटा (राजस्थान) रखा गया है, जहां से हजारों पैदल यात्री बाबा रामदेव जी के दर्शन के लिए गुजरते हैं।
भण्डारे में दूर-दराज से आने वाले पैदल यात्रियों, श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध सात्विक भोजन, चाय, नाश्ता, ठंडा जल, मेडिकल सुविधा, दवाइयां एवं रात्रि विश्राम के लिए टेंटों की उत्तम व्यवस्था की गई है। समिति के सेवादार दिन-रात निःस्वार्थ भाव से यात्रियों की सेवा में लगे रहेंगे।
समिति के सदस्यों ने बताया कि बाबा रामदेव जी के मेले में लाखों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं। उनकी थकान दूर करने और उन्हें घर जैसा भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा पिछले 18 वर्षों से निरंतर की जा रही है। इस बार 19वें भण्डारे को और भी विशाल रूप दिया गया है।
समिति ने सभी बाबा के भक्तों, दानवीरों एवं धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में भण्डारा स्थल पर पधारें, बाबा का प्रसाद ग्रहण करें और पुण्य के भागी बनें।
बाबा रामदेव भण्डारा सेवा समिति, ऐलनाबाद का यह सेवा कार्य पूरे क्षेत्र में मानव सेवा की मिसाल माना जाता है।
