हर परिवार तक पहुंचे आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ : बाबू लाल जुनेजा

ऐलनाबाद में 13 सितंबर को लगेगा निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर

Ellenabad, September 9( डॉ एम पी भार्गव ): आमजन को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नामधारी विद्यक जत्था, ऐलनाबाद एवं वाग्भट वेलनेस आयुष रिसर्च सेंटर, हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं नेचुरोपैथी चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन रविवार, 13 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

शिविर का आयोजन श्री अटल प्रतापी नामधारी धर्मशाला, सरकारी गर्ल्स सी.सै. स्कूल के सामने, ममेरा रोड, ऐलनाबाद में सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा। शिविर में अनुभवी आयुर्वेदाचार्यों एवं प्राकृतिक चिकित्सकों द्वारा मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही, मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित आहार, दैनिक दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में विशेषज्ञ सलाह भी दी जाएगी।

शिविर में किडनी, लीवर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों का दर्द, रीढ़ संबंधी समस्याएं, स्लिप डिस्क (एल-4 एवं एल-5), नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा एवं मिर्गी सहित विभिन्न दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी पद्धति से निःशुल्क परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। आमजन के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से व्यक्तिगत परामर्श की सुविधा भी रहेगी।

वाग्भट वेलनेस आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबू लाल जुनेजा ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और बढ़ते तनाव के कारण आज लोग अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर आमजन के लिए उपयोगी अवसर है, जहां अनुभवी आयुर्वेद विशेषज्ञों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि “हर परिवार तक आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ पहुंचाना जरूरी है।” उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।

आयोजकों ने भी नागरिकों से अपने परिवारजनों, मित्रों एवं परिचितों के साथ अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य शिविर क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल साबित होगा। साथ ही, लोगों को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.