दुःख की घड़ी में मृतक के परिवार के साथ खड़े हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता

परिजनों से मिलकर जताई गहरी संवेदना, मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹2 लाख की सहायता का चेक सौंपा

Budaun: जनपद बागपत में पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जनपद बदायूं के 13 लोगों की असमय मृत्यु ने पूरे जिले को गहरे शोक में डुबो दिया। इस हृदयविदारक दुर्घटना में बदायूं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रसलपुर पुठी निवासी मुनीम की भी दुखद मृत्यु हो गई।

मुनीम के निधन का समाचार सुनकर सदर विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस अपूरणीय क्षति पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। परिजनों के दुःख को देखकर विधायक भी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि किसी अपने को अचानक खो देने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। परिवार के लिए यह ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है।

उन्होंने दिवंगत मुनीम के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे स्वयं और पूरी भारतीय जनता पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिवार को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ लेते हुए दुर्घटना के तत्काल बाद मृतकों के परिजनों के लिए ₹2 लाख तथा गंभीर रूप से घायलों के लिए ₹50 हजार की आर्थिक सहायता की घोषणा की। सरकार ने पीड़ित परिवारों के दुःख को अपना दुःख मानते हुए तत्काल राहत पहुंचाने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि दुःख की घड़ी में सरकार का साथ केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भरोसा दिलाना भी है कि पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे। प्रदेश में कहीं भी कोई बड़ी दुर्घटना या दुखद घटना होती है, मुख्यमंत्री तत्काल स्वयं संज्ञान लेते हैं और पीड़ितों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुनीम का असमय चले जाना परिवार के लिए कभी न भरने वाला घाव है। इस दुःख की घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिवार के साथ हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल पटेल, मंडल अध्यक्ष रामचरन पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सुनील यादव,हेमंत मिश्रा, आदेश शर्मा, रामसेवक यादव, कृष्ण पाल यादव, विशाल यादव, सतीश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.