मिर्जापुर में सवारियों से भरी डग्गामार बस पलटी, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल; चालक पर नशे में होने का आरोप
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Mirzapur: प्रयागराज-ड्रमंडगंज-हलिया मार्ग पर डग्गामार वाहनों के संचालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ड्रमंडगंज क्षेत्र के रतेह गांव के पास सवारियों से भरी एक डग्गामार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था और बस रास्ते में लहरा रही थी। हालांकि, चालक के नशे में होने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद बस चालक रामविलास मौके से फरार हो गया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक घटनास्थल से भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मुनाफे के लिए यात्रियों की सुरक्षा से समझौते का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रयागराज से ड्रमंडगंज होते हुए हलिया विकासखंड के विभिन्न गांवों तक रोजाना कई डग्गामार वाहन संचालित होते हैं। इन वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाए जाने और नियमों की अनदेखी के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं।
हादसे के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर यात्रियों की सुरक्षा के साथ कथित तौर पर खिलवाड़ करने वाले वाहन संचालकों पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी। स्थानीय लोगों ने प्रयागराज-ड्रमंडगंज-हलिया मार्ग पर संचालित डग्गामार वाहनों की जांच और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद परिवहन और पुलिस विभाग डग्गामार वाहनों के संचालन पर कितना प्रभावी शिकंजा कसता है और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन मालिकों एवं चालकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
