रामपुर में टूटी सड़कों और नालों को लेकर सपा नेताओं का भाजपा पर हमला

सात वर्षीय बच्चे की नाले में डूबने से मौत का मामला भी उठाया, बोले—विकास के नाम पर हो रही खानापूर्ति

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

Rampur: शहर में बदहाल सड़कों और नालों की स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा सरकार और स्थानीय-/ जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। सपा नेता राम बहादुर ने आरोप लगाया कि रामपुर में विकास के नाम पर केवल चुनिंदा इलाकों में काम कराया जा रहा है, जबकि शहर के अधिकांश हिस्सों में सड़कें जर्जर हैं और नालों की स्थिति बेहद खराब है।

राम बहादुर ने कहा कि आगरापुर समेत कई इलाकों में नालों का निर्माण किया गया है, लेकिन कई स्थानों पर नालों को छोटा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां विकास कार्य की जरूरत है, वहां काम नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में नाले में डूबकर सात वर्षीय बच्चे की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिस नाले की चौड़ाई पहले करीब 30 फीट बताई जा रही थी, उसे घटाकर करीब आठ फीट कर दिया गया। उनका आरोप है कि नालों की उचित व्यवस्था न होने के कारण हादसे हो रहे हैं और मासूमों की जान जा रही है।

सपा नेता ने कहा कि रामपुर शहर की कई सड़कें लंबे समय से नहीं बनी हैं और उनकी हालत इतनी खराब है कि लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास का असर केवल कुछ चुनिंदा इलाकों तक सीमित दिखाई देता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों और शहर के अन्य हिस्सों में सड़कें बदहाल हैं।

उन्होंने सरकार से विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की मांग की। साथ ही शहर विधायक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

वहीं सपा नेत्री अनीता यादव ने भी सात वर्षीय बच्चे की नाले में डूबने से हुई मौत को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घटना के बाद किसी भाजपा विधायक या प्रतिनिधि के पीड़ित परिवार के घर न पहुंचने की बात सामने आना बेहद दुखद है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल करते हुए कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन रामपुर की जमीनी स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए।

अनीता यादव ने कहा कि रामपुर में नालों और सड़कों की स्थिति सुधारने के बजाय राजनीतिक मुद्दों को ज्यादा तवज्जो दी जा रही है। उन्होंने आजम खां के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

सपा नेताओं ने सरकार से रामपुर की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने, नालों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने तथा जलभराव और खुले नालों के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता अब विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर समझ रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.