Rampur Kanwar Yatra: रामपुर में कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष ने हरिद्वार से लाया गंगाजल

श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर रामपुर में कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे, जबकि व्यापार मंडल ने कांवड़ियों के लिए जलपान की व्यवस्था की।

Rampur Kanwar Yatra: श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर रामपुर में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी बीच भाजपा रामपुर के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पूरी कर अपने जत्थे के साथ रामपुर पहुंचे। धमोरा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।

अल्पसंख्यक मोर्चा ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष वसीम खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हरीश गंगवार और उनके जत्थे का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

हरीश गंगवार ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

कांवड़ियों के लिए जलपान की व्यवस्था

रामपुर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला अध्यक्ष नेहा रस्तोगी की ओर से कांवड़ियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस दौरान शहर विधायक आकाश सक्सेना समेत संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

नेहा रस्तोगी ने कहा कि हरिद्वार से पैदल गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कोशिश है कि कोई भी कांवड़िया भूखा न रहे। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की और रामपुर पुलिस एवं प्रशासन का आभार जताया।

अंतिम सोमवार को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

श्रावण मास के अंतिम सोमवार को देखते हुए रामपुर पुलिस ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह के मुताबिक जिले में कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ गई है और करीब 10 हजार लोग गंगाजल लेने के लिए गए हुए हैं। आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रामपुर से गुजरने की संभावना है।

जोन और सेक्टर में बांटे गए कांवड़ मार्ग

एसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सभी प्रमुख रूटों को जोन, सेक्टर और माइक्रो सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ड्यूटी की निगरानी के लिए अतिरिक्त इंस्पेक्टर भी लगाए गए हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है।

पुलिस का फोकस यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, दुर्घटनाओं को रोकने और कांवड़ियों के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना न होने देने पर है। पुलिस प्रशासन श्रावण मास के अंतिम सोमवार के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष वसीम खान, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी फैसल मुमताज़, जिला उपाध्यक्ष नूर आलम, फसाहत अली खां ‘राजू’, मंडल अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक, जमीर खान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.