Ellenabad, August 22 ( डॉ एम पी भार्गव ): श्री बाबा रामदेव भण्डारा सेवा समिति, ऐलनाबाद (रजि. नं. 1488) की ओर से रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 19वां महाविशाल भण्डारा इस वर्ष 10 सितम्बर से 15 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
समिति के अनुसार भण्डारे का आयोजन बीकानेर से करीब 60 किलोमीटर आगे जैसलमेर रोड पर, सांखला फाटा के नजदीक किया जाएगा। हर वर्ष की भांति इस बार भी भण्डारे में पैदल रामदेवरा जाने वाले यात्रियों के लिए सेवा एवं सुविधा की विशेष व्यवस्था की गई है।
भण्डारा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, चाय, नाश्ता, मेडिकल सुविधा तथा ठहरने की उचित व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। समिति का उद्देश्य रामदेवरा जाने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी सेवा करना है।
समिति ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि बाबा के इस महाविशाल भण्डारे में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें और सेवा कार्य में सहभागी बनकर पुण्य के भागी बनें। समिति के भंडारा प्रबंधक एमपी तंवर ने बताया कि वर्तमान में भण्डारा स्थल पर निर्माण एवं तैयारियों का कार्य चल रहा है, जिसके चलते अधिक से अधिक सहयोग की आवश्यकता है।
भण्डारे के लिए आटा, दाल, घी, सूजी, चावल, चीनी सहित अन्य खाद्य सामग्री के रूप में सहयोग किया जा सकता है। इच्छुक श्रद्धालु एवं सहयोगी गीता ट्रेडिंग कंपनी, चौधरी देवीलाल पार्क, रामलीला ग्राउंड, ऐलनाबाद में संपर्क कर सकते हैं।
समिति के प्रधान जसवंत बेनीवाल ने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से भण्डारा सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।
