कैथल के जडौला गांव में CM नायब सिंह सैनी ने किया गुरु रविदास की प्रतिमा का अनावरण

Ellenabad/Kaithal ( डॉ एम पी भार्गव): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैथल जिले के गांव जडौला में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की मूर्ति स्थापना समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गांव में नवनिर्मित भव्य गुरु रविदास मंदिर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सदियों से मानवता का मार्गदर्शन करती आ रही हैं। उन्होंने समानता, भाईचारे, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों और महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को सही दिशा देने का काम करती हैं। गुरु रविदास जी ने समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने और सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने का संदेश दिया। उनकी विचारधारा सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।

124 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा गुरु रविदास धाम

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि कुरुक्षेत्र में करीब 124 करोड़ रुपये की लागत से 5 एकड़ भूमि पर गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जा रहा है। यह धाम संत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संतों और महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे धार्मिक और सामाजिक स्थलों का विकास हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जनकल्याण समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संत गुरु रविदास जनकल्याण समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.