SGPC की बसों पर हमला, गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने की कड़ी निंदा
शिरोमणि कमेटी सदस्य ने प्रशासन से गहन जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
-रात करीब ढाई बजे दो बसों के छह शीशे टूटे, घटना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
-ACP सुरिंदर सिंह बोले—तोड़फोड़ की पुष्टि, फिलहाल गोली चलने का कोई सबूत नहीं
Amritsar: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से संगत की सुविधा और सेवा के लिए चलाई जा रही AC बसों में रात के समय तोड़फोड़ का मामला सामने आने के बाद माहौल गरमा गया है। घटना को लेकर SGPC सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मामले की गहनता से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब ढाई बजे शिरोमणि कमेटी की सेवा में चल रही बसों को निशाना बनाया गया। इस दौरान एक बस के चार और दूसरी बस के दो शीशे टूट गए। घटना के बाद SGPC की ओर से तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। मौके पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को भी पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है।
SGPC सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि बसों के साथ की गई तोड़फोड़ बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि मौके पर मिले कुछ निशान पहली नजर में गोली चलने जैसे दिखाई दे रहे थे, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ जाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि CCTV फुटेज सहित सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जाए और जो भी लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि SGPC की ये बसें संगत की सेवा के लिए चलाई जाती हैं और इन्हें नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी भी संगत या यात्री के घायल होने या जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि संगत के मन में किसी तरह का डर पैदा न हो।
वहीं, मीडिया से बातचीत करते हुए ACP सुरिंदर सिंह ने बताया कि बसों में तोड़फोड़ की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल जांच के दौरान गोली चलने का कोई मामला सामने नहीं आया है। CCTV फुटेज में भी अभी तक गोली चलने जैसी कोई घटना दिखाई नहीं दी है।
ACP ने कहा कि पुलिस की ओर से CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
