स्वतंत्रता दिवस पर सिरसा पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर : एसपी दीपक सहारण

शहीद भगत सिंह स्टेडियम में 650 पुलिसकर्मी तैनात, होटल-धर्मशालाओं में सघन चेकिंग

Ellenabad, August 13 (डॉ एम पी भार्गव): आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को लेकर सिरसा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला स्तरीय समारोह बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

-650 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि समारोह स्थल और पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 650 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

समारोह स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आमजन की सुविधा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

-होटल-धर्मशालाओं में सघन चेकिंग
एसपी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिलेभर के -होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और पीजी की विशेष चेकिंग की जा रही है। थाना प्रभारियों को लगातार जांच के निर्देश दिए गए हैं।

होटल संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि बिना पहचान पत्र के किसी को कमरा न दिया जाए। ठहरने वाले हर व्यक्ति का नाम, पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। होटल कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी करवाया जा रहा है।

-पंजाब-राजस्थान सीमा पर नाकाबंदी
जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों और पंजाब एवं राजस्थान सीमा से लगते क्षेत्रों में विशेष नाके लगाए गए हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। जरूरत के अनुसार सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।

-किराएदारों का सत्यापन और अपराधियों पर शिकंजा
एसपी दीपक सहारण ने मकान मालिकों से अपील की कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों का पुलिस सत्यापन.जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, आमजन की भागीदारी से ही इसे मजबूत बनाया जा सकता है।

15 अगस्त को देखते हुए ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत वांछित और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.