जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए परेड, मार्च पास्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुई रिहर्सल, पुलिस अधीक्षक श्री दीपक सहारन ने किया निरीक्षण
Ellenabad, Sirsa, August 12 ( एम पी भार्गव ): जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को हर्षोल्लास व गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। समारोह को लेकर बुधवार को स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में मार्च पास्ट, परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल की गई। रिहर्सल में विभिन्न स्कूलों के साथ-साथ एनसीसी व भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारन ने रिहर्सल का निरीक्षण किया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि यह आयोजन देश के लिए गौरव और सम्मान का पर्व है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में परेड, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति पूरी गरिमा और अनुशासन के साथ होनी चाहिए। उन्होंने रिहर्सल में भाग ले रहे विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स तथा भारत स्काउट एवं गाइड व सांस्कृतिक टीमों के बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि परेड और मार्च पास्ट में अनुशासन, कदमताल, वेशभूषा और तालमेल का विशेष महत्व है।

इसलिए सभी प्रतिभागी नियमित रूप से रिहर्सल करें और छोटी-छोटी कमियों को दूर करते हुए अपनी प्रस्तुति को बेहतर बनाएं। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि रिहर्सल के दौरान प्रत्येक एक्टिविटी पर बारीकी से ध्यान दिया जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दिन सभी कार्यक्रम आकर्षक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए जा सकें।

भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव सुखदेव सिंह ढिल्लो जोकि परेड के ओवरआल इंचार्ज भी है, ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड, मार्च पास्ट व बैंड आदि की सफलतम प्रस्तुति के उद्देश्य से पुलिस लाइन में रिहर्सल करवाई जा रही है।
