9.58 अंकों के साथ यूपी में रामपुर का डंका, सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश का सिरमौर
* विकास कार्यों में प्रदेश में प्रथम, राजस्व कार्यों में भी हासिल किया दूसरा स्थान
–59 में से 57 विकास योजनाओं को मिला ‘ए’ ग्रेड
-16 विभागों ने शासन के लक्ष्यों में हासिल की शत-प्रतिशत उपलब्धि
रामपुर, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा के लिए जारी सीएम डैशबोर्ड की जुलाई 2026 की ताजा रैंकिंग में जनपद रामपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 10 में से 9.58 अंक हासिल कर रामपुर ने प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया और विकास की दिशा में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया। रामपुर ने विकास कार्यों की रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि राजस्व कार्यों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों, निरंतर मॉनिटरिंग और टीम वर्क का परिणाम है।
59 में से 57 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड
जुलाई माह की समीक्षा में रामपुर की 59 विकास योजनाओं में से 57 योजनाओं को ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा और समाज कल्याण सहित 16 विभागों ने शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
प्रदेश के टॉप-5 जिलों में रामपुर सबसे आगे
सीएम डैशबोर्ड की विकास एवं राजस्व कार्यों की सम्मिलित रैंकिंग में रामपुर ने 9.58 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। शीर्ष पांच जिलों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा—
प्रथम — रामपुर : 9.58 अंक
द्वितीय — शाहजहांपुर : 9.43 अंक
तृतीय — बरेली : 9.40 अंक
चतुर्थ — अम्बेडकरनगर : 9.34 अंक
पंचम — मैनपुरी : 9.30 अंक
इस रैंकिंग में अवध एवं रुहेलखंड क्षेत्र के जिलों का विशेष दबदबा देखने को मिला, जिसमें रामपुर ने सबसे आगे रहते हुए प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
पारदर्शी डायनामिक फॉर्मूले से तय हुई रैंकिंग
सीएम डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा संचालित दर्पण पोर्टल के पारदर्शी डायनामिक फॉर्मूले के आधार पर किया गया है। इस प्रणाली के अंतर्गत जिलों के प्रदर्शन का व्यापक एवं तुलनात्मक आकलन करते हुए अंक निर्धारित किए जाते हैं।
आधिकारिक मानकों के अनुसार 9 से 10 के बीच अंक प्राप्त करने वाले जिलों को ‘ए’ ग्रेड की श्रेणी में रखा जाता है। रामपुर ने इस कड़े मूल्यांकन मानक पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल ‘ए’ ग्रेड हासिल किया, बल्कि 9.58 अंकों के साथ प्रदेश में सर्वोच्च स्थान भी प्राप्त किया।
प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं में शत-प्रतिशत प्रदर्शन
जनपद रामपुर ने शासन की कई महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी फ्लैगशिप योजनाओं में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए 10 में से 10 रैंक मार्क्स प्राप्त किए हैं। इनमें प्रमुख रूप से—
– पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना
– पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना
– प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
– बेसिक शिक्षा विभाग का ऑपरेशन कायाकल्प
– मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना शामिल हैं।
इन योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन रामपुर में विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी, विभागीय समन्वय और समयबद्ध लक्ष्यपूर्ति को दर्शाता है।
“सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना रामपुर के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि है। यह किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिला प्रशासन, सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दिन-रात की मेहनत, सतत प्रयास और टीम वर्क का परिणाम है। हम भविष्य में भी इसी ऊर्जा, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ जिले के विकास कार्यों एवं राजस्व मामलों में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का प्रयास करेंगे।”
