शाहबाद में किसानों के धरने को समाजवादी नेता रामबहादुर का समर्थन, बोले- किसान देश की रीढ़

Rampur: शाहबाद में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (BKU) की ओर से चलाए जा रहे धरने में समाजवादी नेता एवं अधिवक्ता रामबहादुर पहुंचे और किसानों की मांगों को अपना पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया।

रामबहादुर ने कहा कि किसान अपने पसीने से धरती को सींचकर देश के लिए अन्न पैदा करता है, इसलिए वह सिर्फ अन्नदाता ही नहीं बल्कि देश की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि किसानों की मूल जरूरतें कोई असाधारण मांगें नहीं हैं। किसानों को खेती के लिए पर्याप्त और समय पर पानी, गुणवत्तापूर्ण बीज व खाद, सस्ती बिजली, आसान कर्ज और फसलों का उचित मूल्य मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसान खेत में मेहनत करता है तो केवल उसके परिवार का चूल्हा नहीं जलता, बल्कि पूरे देश का पेट भरता है। किसानों को केवल चुनाव के समय याद करने के बजाय उन्हें पूरे साल सम्मान, सुरक्षा, जरूरी सुविधाएं और उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना चाहिए।

समाजवादी नेता ने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन नीतियों के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।

उन्होंने कहा कि अन्नदाता का सम्मान ही देश का वास्तविक सम्मान है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.