मीरजापुर में 2704 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, बिहार के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर में 15 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, बिहार के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चिल्ह क्षेत्र से एक पिकअप वाहन में तस्करी कर ले जाई जा रही करीब 15 लाख रुपये मूल्य की 2704 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान बिहार के दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना चिल्ह पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम पुराना बाड़ा के पास पिकअप वाहन (UP 65 RT 2856) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1870 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू (180 एमएल), 775 बोतल मैजिक मूवमेंट जामुन स्पाइसी मिंट (180 एमएल), 8 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) तथा 51 बोतल मैजिक मूवमेंट ऑरेंज एवं ग्रीन एप्पल (750 एमएल) बरामद हुई। कुल मिलाकर 2704 बोतलों में लगभग 520 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने मौके से अमित कुमार सिन्हा (36 वर्ष) निवासी अरवल तथा जैकी कुमार (30 वर्ष) निवासी अरवल टाउन, बिहार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मऊगंज क्षेत्र से अवैध शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस बार भी शराब को पिकअप में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही पकड़ लिया।
इस मामले में थाना चिल्ह पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
