वाल्मीकि बस्ती पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने जाना जनजीवन का हाल, योजनाओं के लाभार्थियों से किया सीधा संवाद
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां रामपुर
रामपुर मे जनपद भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के साथ राधा रोड स्थित वाल्मीकि बस्ती का दौरा कर वहां निवास कर रहे लोगों से मुलाकात की। बस्ती पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पमालाएं पहनाकर प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।
प्रभारी मंत्री ने बस्ती के विभिन्न परिवारों के बीच पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी दैनिक आवश्यकताओं, समस्याओं एवं जीवन स्तर के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं से अलग-अलग संवाद करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, राशन वितरण व्यवस्था, उज्ज्वला योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसके बारे में लाभार्थियों से सीधे जानकारी प्राप्त की। कई लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से मिले लाभों का उल्लेख करते हुए संतोष व्यक्त किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव और बिना किसी असुविधा के पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों को किसी भी योजना से वंचित न रहने दिया जाए तथा यदि किसी पात्र व्यक्ति को अभी तक लाभ प्राप्त नहीं हुआ है तो उसकी पात्रता का परीक्षण कर शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को बस्ती में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध रूप से पहुंचे तथा जनसुनवाई और फील्ड भ्रमण के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आनंद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
