ऐलनाबाद के पंजाबी भाषी पत्रकार जगतार समालसर पंजाबी पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक में किया सम्मानित, 25 वर्षों की पत्रकारिता यात्रा को मिली नई पहचान

ऐलनाबाद, 24 जुलाई (एम पी भार्गव): हरियाणा साहित्य एवं संस्कृत अकादमी, पंचकूला तथा दादा लखमी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी, रोहतक के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के हिंदी, पंजाबी, उर्दू, संस्कृत एवं हरियाणवी भाषा के साहित्यकारों एवं पत्रकारों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में विभिन्न भाषाओं के करीब 80 साहित्यकारों एवं पत्रकारों को उनके साहित्यिक एवं पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

दादा लखमी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी, रोहतक में आयोजित इस गरिमामय समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री ने चयनित साहित्यकारों और पत्रकारों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि साहित्यकार और पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं। वे समाज की सोच को दिशा देने के साथ-साथ जनभावनाओं और समस्याओं को सरकार एवं समाज के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार साहित्य, भाषा और पत्रकारिता के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा साहित्यकारों एवं पत्रकारों के हित में समय-समय पर अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की जा रही हैं।

इस अवसर पर ऐलनाबाद के वरिष्ठ पंजाबी पत्रकार श्री जगतार समालसर को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘पंजाबी पत्रकारिता पुरस्कार-2020’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके लगभग 25 वर्षों के समर्पित पत्रकारिता जीवन और पंजाबी भाषा एवं समाज के प्रति उनके योगदान का सम्मान है।

जगतार समालसर लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक तथा जनहित से जुड़े विषयों पर निरंतर लेखन किया है। अब तक उनके करीब 350 लेख देश-विदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित पंजाबी समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके लेखों को पाठकों ने हमेशा सराहा है और उन्होंने पंजाबी पत्रकारिता को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी श्री जगतार समालसर को पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उनकी उपलब्धि पर ऐलनाबाद सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
श्री जगतार समालसर को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, साहित्यिक एवं पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्र के लोगों ने इसे ऐलनाबाद के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि युवा पत्रकारों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.