- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
जनपद रामपुर पुलिस को कानून-व्यवस्था के प्रभावी संचालन, दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील अवसरों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से त्वरित एवं सुरक्षित ढंग से निपटने के लिए एक अत्याधुनिक वज्र वाहन (Anti-Riot Vehicle) प्राप्त हुआ है। इस आधुनिक वाहन के शामिल होने से जनपद पुलिस की परिचालन क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली तथा सुरक्षा संसाधनों में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान समय में कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों एवं तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में जनपद रामपुर पुलिस को उपलब्ध कराया गया यह वज्र वाहन किसी भी विषम परिस्थिति, भीड़ नियंत्रण, उपद्रव, संवेदनशील आयोजनों, धार्मिक पर्वों, वीआईपी ड्यूटी तथा आपदा जैसी परिस्थितियों में पुलिस बल के लिए अत्यंत उपयोगी है।
- रामपुर एसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रामपुर। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने शुक्रवार को परेड की सलामी लेकर रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर स्थित भोजनालय, रीडिंग रूम (लाइब्रेरी), कैंटीन, मनोरंजन कक्ष, म्यूजियम, जिम, आरटीसी कार्यालय, कैश कार्यालय, परिवहन शाखा समेत विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव और उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर भी मौजूद रहे।
- श्रावण मास कांवड़ यात्रा को लेकर रामपुर पुलिस अलर्ट, एसपी ने आयोजकों और कांवड़ जत्था प्रमुखों संग की बैठक
रामपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर प्रांगण में महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।

बैठक में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, कांवड़ शिविर, कैंप एवं भंडारा संचालक, साथ ही विभिन्न कांवड़ जत्थों के प्रमुख शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों और जत्था प्रमुखों से यात्रा के दौरान संभावित समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।

पुलिस अधीक्षक ने सभी आयोजकों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
