हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ श्रीमद्भागवत कथा को दी भावपूर्ण विदाई

ऐलनाबाद ( एम पी भार्गव ) सनातन धर्मशाला में राधा माधव महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आज श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ विधिवत समापन हुआ। कथा के समापन अवसर पर हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

कथा व्यास महंत श्री भरतमुनि उदासीन जी महाराज के सानिध्य में कई दिनों तक चली श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं ने भगवान की विभिन्न लीलाओं एवं भक्त चरित्रों का रसपान किया। कथा के अंतिम दिन हवन-यज्ञ के पश्चात श्रद्धालुओं ने नम आंखों और भक्तिभाव के साथ श्रीमद्भागवत महापुराण को भावपूर्ण विदाई दी।

महंत श्री भरतमुनि जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल सुनने का ग्रंथ नहीं, बल्कि उसके उपदेशों को जीवन में उतारने का संदेश देती है। कथा समाप्त होने के बाद भी भगवान का नाम, सत्संग, सेवा और सदाचार हमारे जीवन का हिस्सा बने रहें, तभी कथा श्रवण की वास्तविक सार्थकता है।

समापन अवसर पर वातावरण “राधे-राधे”, “जय श्रीकृष्ण” और “श्रीमद्भागवत भगवान की जय” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ का पूजन कर महाराज श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजक राधा माधव महिला मंडल ने कथा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.