लाठीचार्ज कर मासूम छात्रों को कुचलना लोकतंत्र की हत्या है: चौधरी अभय सिंह चौटाला

ऐलनाबाद , 20 जुलाई (एम पी भार्गव): इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली के जंतर मंतर से संसद तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मासूम छात्रों पर पुलिस द्वारा निर्दयी लाठीचार्ज किए जाने की बीजेपी सरकार की घोर निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया।

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है। छात्रों का भविष्य लूटने की साजिश रचने के बाद अब उनकी आवाज दबाने के लिए लाठियां बरसाई जा रही हैं। यह बेहद शर्मनाक, निंदनीय और असंवैधानिक है। चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि नीट घोटाले में दो दर्जन से अधिक मासूम छात्र आत्महत्या कर चुके हैं, लेकिन बीजेपी सरकार का मुंह बंद है। सरकार की चुप्पी साफ बताती है कि यह संगठित अपराध का हिस्सा है। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करके कुछ लोगों को हजारों करोड़ का मुनाफा पहुंचाया जा रहा है। पहले घोटाला, फिर री-एग्जाम में धांधली कुल मिलाकर बीजेपी सरकार पूरी तरह से फेल है।

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने नीट यूजी 2026 (री-एग्जाम) के परिणामों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिना गड़बड़ी के एक भी परीक्षा करवाना बीजेपी सरकार के बस की बात नहीं है। यह सरकार परीक्षा आयोजित नहीं, घोटाले आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि पहले मूल परीक्षा का पेपर लीक किया गया, अब री-एग्जाम में बड़े पैमाने पर धांधली सामने आई है। पूरे देश के छात्रों से शिकायतें आ रही हैं। कई छात्रों ने सबूत दिए हैं कि ओएमआर शीट के अनुसार उनके बन रहे अंक बाद में अचानक घट गए। ओएमआर शीट में प्रश्नों का क्रम गलत था।
कुछ छात्रों की ओएमआर शीट ही बदल दी गई और दूसरे के नाम से मेल भेजा गया। रिजल्ट घोषणा के कुछ घंटों बाद अंकों में हेराफेरी की गई, जिससे उनकी ऑल इंडिया रैंक बेहद गिर गई। बीजेपी की साजिश है कि छात्रों की आवाज दबाओ और उनका भविष्य खत्म करो।

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने चेतावनी दी कि बीजेपी सरकार छात्रों के भविष्य को जानबूझकर तबाह कर रही है। लाठीचार्ज करके सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों को अपराधी बताना फासीवादी मानसिकता का प्रमाण है। हमारी सरकार से मांग है कि नीट घोटाले की सीबीआई जांच हो। प्रभावित सभी छात्रों को न्याय मिले। लाठीचार्ज करने के दोषियों पर तुरंत कार्रवाई हो। चौधरी अभय सिंह चौटाला ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की कि वे इस भ्रष्ट और छात्र-विरोधी बीजेपी सरकार को सबक सिखाने के लिए एकजुट हों।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.