सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में मुख्य विकास अधिकारी ने खराब प्रगति वाले विभागों में तत्काल सुधार लाने के दिये निर्देश
रामपुर: मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास एवं निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ई-ऑफिस प्रणाली के कम उपयोग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग अधिक से अधिक फाइलों का निस्तारण ई-ऑफिस के माध्यम से करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों द्वारा ई-ऑफिस पर अपेक्षित कार्य नहीं किया जा रहा है, उनके अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन बाधित किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं
सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को कार्यप्रणाली में सुधार लाकर योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
मिशन कायाकल्प की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ ब्लॉकवार साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी से अन्नपूर्णा योजना के अंतर्गत उचित दर की दुकानों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने पूर्ण हो चुकी दुकानों का शीघ्र हस्तांतरण कराने तथा निर्माणाधीन दुकानों का कार्य तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सभी विकास योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई
इसके अतिरिक्त पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उर्वरकों की उपलब्धता, फार्मर रजिस्ट्री, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
