अमृतसर देहाती पुलिस की बड़ी सफलता, पाकिस्तान से भेजी गई अवैध हथियारों की खेप बरामद।
हैंड ग्रेनेड, एके-47, पिस्तौल और सेमी ऑटोमैटिक गन सहित खतरनाक हथियार जब्त।
-तीन आरोपी गिरफ्तार, जिनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल; पाकिस्तान कनेक्शन की जांच जारी।
-स्वतंत्रता दिवस और त्योहारी सीजन के दौरान बड़ी वारदात की साजिश नाकाम: एसएसपी कवलप्रीत सिंह चाहल।
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर: अमृतसर देहात पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना घरिंडा पुलिस ने पाकिस्तान से भेजी गई अवैध हथियारों की खेप बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, मैगजीन सहित एक एके-47 राइफल, .30 बोर की मॉडिफाइड पिस्तौल तथा एक सेमी ऑटोमैटिक गन बरामद की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अमृतसर देहात के एसएसपी कवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि गैंगस्टरों और हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व पाकिस्तान से हथियार मंगवाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को तकनीकी और मानवीय स्रोतों से सत्यापित करने के बाद डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह, डीएसपी डी. नागरा और थाना घरिंडा की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पहले जोबन नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर आगे की पूछताछ में आकाशवीर और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया, जिसके बाद भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए।

एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी आकाशवीर के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और पैसों के लालच में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े हुए थे। नाबालिग को भी लालच देकर इस गिरोह का हिस्सा बनाया गया था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार बरामद किए गए हथियार पाकिस्तान से भेजे गए थे। आशंका है कि इनका इस्तेमाल आगामी स्वतंत्रता दिवस, त्योहारी सीजन या किसी अन्य बड़ी आपराधिक अथवा आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। पुलिस अब आरोपियों का रिमांड हासिल कर यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार किसे सौंपे जाने थे, इनके पीछे कौन-सा नेटवर्क काम कर रहा है और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
एसएसपी कवलप्रीत सिंह चाहल ने कहा कि अमृतसर देहात पुलिस सीमा पार से संचालित होने वाली हर गैरकानूनी गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और जनता की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।
