भाजपा शासन में सुविधाओं के लिए तरस रहा हर वर्ग: अभय चौटाला

कांग्रेस, भाजपा ने किया सिरसा जिले से राजनीतिक भेदभाव: अभय चौटाला

ऐलनाबाद, 12 जुलाई (एम पी भार्गव): इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा शासन में आज हर वर्ग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है और शासन उनके प्रति पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है। वे रविवार को ऐलनाबाद हलके में अपने चार दिवसीय जनसंपर्क अभियान के दूसरे दिन बकरियांवाली, निर्बाण, रूपावास, रायुपर, बरासरी, ढूकड़ा, बरुवाली-2, माधोसिंघाना, गुडिय़ाखेड़ा, जमाल, कुताना, जोड़कियां, रामपुरा ढिल्लों, गुसांईआना, खेड़ी, राजपुरा साहनी, हंजीरा व लुदेसर आदि में ग्रामीणों से रूबरू हो रहे थे। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के पहले दस साल के शासन और अब भाजपा शासन में सिरसा जिले से राजनीतिक रूप से सौतेला व्यवहार किया गया जिससे जिले में आमजन के लिए सुविधाओं का अभाव स्पष्ट नजर आ रहा है।

ग्रामीणांचल में मवेशियों के लिए पानी पीने की व्यापक कमी है जिससे ग्रामीणों को खासी दिक्कतों से दोचार होना पड़ रहा है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा का हरियाणा में तीसरे कार्यकाल के लिए चुना जाना उन्हीं की देन है क्योंकि उन्होंने कांग्रेस के सभी हित भाजपा के हाथों गिरवी रख दिए हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे हरियाणा को सही मायने में विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए इनेलो को पहले से भी कहीं अधिक मजबूत बनाएं और उसे सत्तासीन करें ताकि समाज के हर वर्ग को लाभान्वित किया जा सके।

उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि किस प्रकार पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला ने अपने कार्यकाल में घग्घर से अनेक नहरें निकालकर ऐलनाबाद में कई नहरें निकाली और उसी की बदौलत यहां बागों के रूप में हरियाली है। इस दौरे के दौरान उनके साथ इनेलो के जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, पवन बेनीवाल, विनोद बेनीवाल, होशियार सिंह खोड, सुरेंद्र बाना, युवा इनेलो जिलाध्यक्ष भगवान कोटली, धर्मवीर नैन, गुरविंद्र सिंह सरपंच, सूरजभान बोमरा, विनोद रोज, जिला पार्षद प्रतिनिधि जसवीर शीलू सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.