- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर: जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (U.P. TET.-2026) का आयोजन प्रदेश में 2, 3, 4 जुलाई, 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को दृष्टिगत रखते हुए शासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार 4 जुलाई, 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाला सम्पूर्ण समाधान दिवस अब 6 जुलाई, 2026 (सोमवार) को जनपद की सभी तहसीलों में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह निर्णय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के आयोजन के कारण लिया गया है, ताकि परीक्षा व्यवस्था एवं जनसुनवाई दोनों का संचालन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण हेतु 4 जुलाई के स्थान पर 6 जुलाई, 2026 (सोमवार) को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस में संबंधित तहसील मुख्यालय पर उपस्थित होकर अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा सम्पूर्ण समाधान दिवस का सफल एवं प्रभावी आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं।
