वाराणसी में नकली दरोगा गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर करता था ठगी

  • रिपोर्ट: पंकज झा

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा इलाके से पुलिस ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजन प्रजापति के रूप में हुई है, जो शिवपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताता था और लोगों पर अपना प्रभाव जमाता था। वह दावा करता था कि उसकी लखनऊ तक अधिकारियों से पहुंच है और सरकारी नौकरी दिला सकता है। इसी झांसे में लेकर वह बेरोजगार युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की वसूली करता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजन प्रजापति ने यूपी कॉलेज से पढ़ाई की है। इसके बाद उसने खुद को पुलिस अधिकारी के रूप में प्रस्तुत कर लोगों का विश्वास जीतना शुरू कर दिया। उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मुर्दहा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है तथा ठगी के इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी पहचान और दावों की अच्छी तरह जांच कर लें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.