मीरजापुर में सराफा कारोबारी से लूट का 24 घंटे में खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार; जेवर, तमंचा और बाइक बरामद

मीरजापुर: कछवां थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 की शाम करीब 8 बजे जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर कछवां बाजार लौट रहे कारोबारी अजय केशरी से सबेसर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना कछवां में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 29 जून को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश प्रताप सिंह निवासी चुनार, अमन दुबे निवासी अंबेडकरनगर और कपिल यादव निवासी मझवां, मीरजापुर के रूप में हुई है।

लूटे गए आभूषण और हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 पायल, 2 टॉप्स, 1 लॉकेट, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा अमन दुबे के पास से एक 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

जेल में हुई थी दोस्ती, मिलकर करते थे लूट

पूछताछ में आरोपी अमन दुबे ने बताया कि उसकी मुलाकात अंबेडकरनगर जेल में गणेश प्रताप सिंह से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने कपिल यादव के साथ मिलकर लूट की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया।

मुख्य आरोपी पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी गणेश प्रताप सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं अमन दुबे के खिलाफ भी लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.