विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन एक्टिव मोड में,डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई बड़ी बैठक
लखीसराय(सरफराज़ आलम)आगामी 30 जुलाई से 28 सितंबर तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में अशोक धाम मंदिर परिसर में विधि-व्यवस्था संधारण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में मंदिर ट्रस्ट द्वारा मेला व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष रविवार एवं सोमवार को श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारी की आवश्यकता है। इसके पश्चात डीएम शैलेंद्र कुमार तथा एसपी प्रेरणा कुमार द्वारा पिछले वर्षों के अनुभवों एवं फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की गई।
समीक्षा के क्रम में पार्किंग व्यवस्था हेतु बी.एड. कॉलेज गेट एवं अशोक अकादमी के समीप स्थलों का चयन किया गया। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए बैरिकेडिंग करने तथा दक्षिणी गेट से ही प्रवेश सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही वेद एनसीसी के बच्चों की सहायता से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश कराने की व्यवस्था की जाएगी।
प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि रेलवे स्टेशन से मंदिर परिसर तथा मंदिर परिसर से बालगुदर तक पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां ट्रांसफार्मर नीचे हैं अथवा विद्युत दुर्घटना की संभावना है, वहां विशेष रूप से बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की स्थापना वेंडर के माध्यम से कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त मंदिर ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध 16 कमरों में भी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है।
साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान देते हुए सोमवार से बुधवार तक तीन शिफ्टों में निरीक्षक, सुपरवाइजर एवं सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, अस्थायी शौचालय की व्यवस्था अशोक धाम रेलवे स्टेशन के पास महिलाओं एवं पुरुषों के लिए 10-10 इकाइयों के रूप में करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल को निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत अस्थायी चिकित्सा केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिसमें चिकित्सक, दवाएं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती रहेगी। साथ ही चलंत मोबाइल हेल्थ टीम भी सक्रिय रहेगी।
विशेष रूप से सोमवार को अधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए बालगोदर एवं बी.एड. कॉलेज से मंदिर तक निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रावणी मेला को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एसपी प्रेरणा कुमार,अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार,एसडीएम प्रभाकर कुमार,एसडीपीओ शिवम कुमार, वरीय उपसमाहर्ता राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय, कार्यपालक अभियंता PHED, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।
