ऐलनाबाद , सिरसा ( एम पी भार्गव): हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार 10 जून को प्रात: 11 बजे स्थायी लोक अदालतों (पीएलए) के संबंध में जागरूकता एवं जनसंपर्क को सुदृढ़ बनाने विषय पर जिला न्यायालय स्थित जिला एडीआर सेंटर में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बगोतिया ने बताया कि कार्यशाला में जिला सिरसा के सभी नगर निकायों के वार्डों के पार्षदों (एमसी) को भाग लेंगे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्थायी लोक अदालतों की भूमिका, अधिकार क्षेत्र तथा उनके माध्यम से मिलने वाले त्वरित एवं सुलभ न्याय के बारे में अधिक जागरूक बनाना है।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को स्थायी लोक अदालतों की कार्यप्रणाली, जनहित में उनकी उपयोगिता तथा विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि किस प्रकार आम नागरिक बिना लंबी न्यायिक प्रक्रिया के अपने मामलों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर अधिवक्ता कृष्ण लांबा को संसाधन व्यक्ति (रिसोर्स पर्सन) के रूप में नियुक्त किया गया है। वे उपस्थित जनप्रतिनिधियों को स्थायी लोक अदालतों से संबंधित विभिन्न कानूनी पहलुओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देंगे।
