एस जयशंकर और सुगिओनो की अहम बैठक, भारत-इंडोनेशिया रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा नया विस्तार

नई दिल्ली में भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 8वीं भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग बैठक आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो ने की।

व्यापार, समुद्री सुरक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी पर फोकस

बैठक में व्यापार, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, अवसंरचना, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, उर्वरक, महत्वपूर्ण खनिज, पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों ने आपसी सहयोग को और व्यापक बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

पीएम मोदी की इंडोनेशिया यात्रा का इंतजार

इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी इंडोनेशिया यात्रा का बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

भारत-आसियान सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा

बैठक के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से भारत और आसियान के बीच संबंधों को मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा रणनीतिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

75 वर्षों की साझेदारी को मिल रही नई मजबूती

भारत और इंडोनेशिया ने 2018 में अपने संबंधों को “व्यापक रणनीतिक साझेदारी” का दर्जा दिया था। जनवरी 2025 में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बने थे। दोनों देशों ने हाल ही में अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ भी मनाई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.