राजकनाल में डूबे बणी गांव के दोनों किशोरों के शव बरामद

दोनों किशोर थे परिवार की इकलौती संतान, दो दिन के सर्च अभियान के बाद राजस्थान क्षेत्र से मिले शव

ऐलनाबाद, 06 जून (एम पी भार्गव ): सिरसा जिले से होकर राजस्थान जाने वाली राजकनाल नहर में डूबे ऐलनाबाद उप मंडल के गांव बणी के दोनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दोनों के शव राजस्थान क्षेत्र में राजस्थान कनाल नहर के पुलों के पास मिले। शनिवार सुबह राजस्थान पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर टिब्बी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मृतकों की पहचान मोहित (17 वर्ष) और मनीष कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे।

जानकारी के अनुसार, वीरवार को गांव बणी के 10 दोस्त बाइक पर सवार होकर राजकनाल नहर में नहाने गए थे। इनमें से आठ युवक सुरक्षित लौट आए, जबकि मोहित और मनीष तेज बहाव की चपेट में आकर नहर में डूब गए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि दोनों किशोर नहर में नहाने गए हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों नहर पुल से कुछ दूरी पर नहा रहे थे, जिसके कारण रास्ते से गुजरने वाले लोगों की नजर उन पर नहीं पड़ी। घटना के बाद राजस्थान पुलिस, गोताखोरों और परिजनों ने लगातार दो दिनों तक सर्च अभियान चलाया। शुक्रवार रात दोनों किशोरों के शव बरामद हुए। एक किशोर का शव हनुमानगढ़ के निकट दूड़ा पुल के पास मिला, जबकि दूसरे का शव मसीतां हेड के समीप राठी खेड़ा गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास बने पुल के क्षेत्र से बरामद किया गया।

राजस्थान पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर टिब्बी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। करीवाला चौकी प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नहरों, नदियों और अन्य गहरे जल स्रोतों में नहाने से रोकें तथा उनकी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.