फरीदाबाद में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 नंबर पहाड़ी क्षेत्र में सड़क मार्ग में बाधा बने अवैध निर्माणों को हटाना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर अवैध रूप से बनी जुम्मा मस्जिद समेत दो धार्मिक ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। सुबह तक पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया।
नगर निगम की टीम ने मलबे को ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपरों में भरकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। इस अभियान के दौरान करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ इसे अब तक की बड़ी कार्रवाई बताया है। वहीं, अभियान के दौरान कई ऐसे मकानों को भी तोड़ा गया जिनके मालिकों पर नशा तस्करी से जुड़े आरोप बताए जा रहे हैं। फिलहाल मलबा हटाने का कार्य जारी है।
सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। साथ ही सैनिक कॉलोनी और गुरुग्राम जाने वाला मुख्य मार्ग भी बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालक पटेल चौक-बड़खल मार्ग या सूरजकुंड रोड के रास्ते यात्रा कर सकते हैं।
