- भव्य कलश यात्रा आयोजित
ऐलनाबाद, 30 मई (एम पी भार्गव): दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा पांच दिवसीय श्री कृष्ण कथामृत सनातन धर्मशाला में शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित की जा रही है इसके उपलक्ष्य में संस्थान द्वारा ऐलनाबाद शहर के श्री बाला जी धाम बगीची से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई जिसने धार्मिक आस्था और सामाजिक जागरूकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। इस पावन यात्रा का शुभारंभ भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती निताशा राकेश सिहाग एवं पूर्व नगर पालिका चेयरपर्सन श्रीमती कमलेश शर्मा द्वारा झंडा दिखाकर विधिवत रूप से किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश यात्रा में 501 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण के बीच आगे बढ़ती रही। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

इस दौरान बोध प्रकल्प के अंतर्गत नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक रैली भी निकाली गई, जिसने लोगों को सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।

मुख्य यजमान श्री तारा चंद वधवा, श्री राजीव वधवा एवं श्री रवि लड्डा तथा उनके परिवार द्वारा श्रद्धापूर्वक श्रीमद्भागवत पूजन किया गया। उन्होंने अपने सिर पर श्रीमद्भागवत धारण कर यात्रा में सहभागिता निभाई। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।
अंततः यह भव्य कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और नशा मुक्ति का सशक्त संदेश भी दे गया।
