बैल बुग्गी पर मोदीनगर तहसील पहुंचे किसान-मजदूर, जर्जर सड़कों और महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

  • रिपोर्ट: जितेंद्र ठाकुर

मोदीनगर में भारतीय किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों किसान, मजदूर और महिलाओं ने महंगाई तथा जर्जर सड़कों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. बबली गुर्जर, महिला विंग अध्यक्ष नीरज प्रजापति और महासचिव राहुल प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ता बैल बुग्गी पर सवार होकर जीटी रोड से नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे।

प्रदर्शनकारियों ने डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण तथा देहात क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। इसके बाद सभी कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।

एसडीएम मोदीनगर के हस्तक्षेप पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता को मौके पर बुलाया गया, जहां मोर्चा पदाधिकारियों और अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। डॉ. बबली गुर्जर ने आरोप लगाया कि वर्षों से सड़क चौड़ीकरण की मांग लंबित है और अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं।

त्रिपक्षीय वार्ता के बाद प्रशासन ने सोमवार से गड्ढा मुक्ति अभियान शुरू कराने का भरोसा दिया। वहीं मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि कार्य शुरू नहीं हुआ तो बुधवार से सड़क पर बैठकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.