दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा सनातन धर्मशाला प्रांगण में 30 मई से 3 जून तक भव्य श्री कृष्ण कथा का आयोजन किया जाएगा
ऐलनाबाद, 27 मई (एम पी भार्गव): दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों में आध्यात्मिक कथा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ऐलनाबाद की गौशाला रोड स्थित,सनातन धर्मशाला प्रांगण में 30 मई से 3 जून 2026 तक प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक भव्य श्री कृष्ण कथा का आयोजन किया जाएगा।
इस पावन अवसर पर संस्थान के संस्थापक एवं संचालक सर्वश्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी सौम्या भारती जी अपनी संपूर्ण भजन मंडली सहित 29 मई को ऐलनाबाद पधारेंगी। कथा के माध्यम से वर्तमान समय की सामाजिक परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए युवा वर्ग को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा दी जाएगी। साथ ही नारी शक्ति के उत्थान, पर्यावरण संरक्षण एवं समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।
कथा में आने वाली संगत के लिए प्रतिदिन रात्रि भोजन (भंडारे) की विशेष व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम से पूर्व 29 मई को सायं 5:00 बजे नोहर रोड स्थित. श्री बालाजी बगीची से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें शहर की समस्त मातृशक्ति निशुल्क भाग ले सकती हैं।
यह जानकारी संस्थान के प्रबंधक स्वामी प्रेम प्रकाशानंद जी ने आज एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। इस अवसर पर श्री गौशाला ऐलनाबाद के अध्यक्ष अंजनी लढ़ा एवं संदीप कंबोज भी उपस्थित रहे।
