बकरीद को लेकर जिला प्रशासन चौकस,बोले सदर एसडीएम,शांति भंग करने वालों पर की जाएगी कठोर कार्रवाई,अराजक तत्वों की खैर नहीं
लखीसराय(सरफराज आलम) कुर्बानी के प्रतीक के रूप में मनाया जाने वाला त्योहार बकरीद को लेकर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक लखीसराय जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एसपी प्रेरणा कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी गण,जिले के सभी बीडीओ, सीओ,सभी थाना प्रभारी एवं जिले भर से समाजसेवी शामिल हुए। डीएम शैलेंद्र कुमार और एसपी प्रेरणा कुमार ने बैठक के माध्यम से लखीसराय जिलेवासियों से अपील किया है कि शांतिपूर्ण वातावरण में बकरीद का त्योहार मनाएं।किसी भी तरह की अफवाह और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों से बचें।डीएम ने कहा की बुराइयों को कुर्बानी देने के त्योहार को बकरीद कहते हैं।इसलिए सारे भेदभाव को भुलाकर आपसी सौहार्द के साथ बकरीद का पर्व मनाएं।वहीं लखीसराय जिला प्रशासन की ओर से जिले के एसडीएम प्रभाकर कुमार ने कहा कि हर हाल में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की जिम्मेवारी है।त्योहार को लेकर विधि व्यवस्था के संधारण के लिए चुस्त- दुरुस्त प्रशासनिक व्यवस्था की गई है।जिले के सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस बल और दंडाधिकारीयों की प्रतिनियुक्ति की गई है।एसडीएम ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वालों से जिला प्रशासन सख्ती से निपटेगा और उनके ऊपर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।एसडीएम प्रभाकर कुमार ने कहा कि अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
