भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की खाली हुई 24 सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। देश के 10 राज्यों की इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार वोटों की गिनती भी उसी दिन शाम को पूरी कर ली जाएगी।
इन 24 सीटों में आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक से 4-4 सीटें शामिल हैं। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा झारखंड में 2 सीटों तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट के लिए मतदान कराया जाएगा।
चुनाव आयोग के मुताबिक इन सीटों पर मौजूदा सांसदों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों में समाप्त हो रहा है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
आयोग के अनुसार 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक समाप्त कर ली जाएगी।
जिन नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह प्रमुख हैं।
इसके अलावा राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली हो रही हैं।
