अंनगढ़ इलाके में घर में लगी भीषण आग, दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलसीं

फायर ब्रिगेड ने 20 से 25 मिनट में आग पर पाया काबूएक महिला की मौत की आशंका, दूसरी अस्पताल में भर्तीआग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन

अमृतसर के थाना गेट हकीमां क्षेत्र के अंगढ़ इलाके में एक घर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर के अंदर भारी नुकसान हुआ।

फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें करीब 11:45 बजे कंट्रोल रूम से आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। जब फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। दमकल विभाग की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 20 से 25 मिनट में आग पर काबू पा लिया।

राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घर के अंदर से दो महिलाओं को बाहर निकाला गया। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलसी हुई थीं। उन्हें तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक एक महिला की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अस्पताल की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। दूसरी महिला का इलाज अस्पताल में जारी है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने धमाके जैसी आवाज सुनी थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि आग किसी ज्वलनशील पदार्थ या पटाखों के कारण लगी हो सकती है। हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए ACP-4 सुरिंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले में बनती कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.