अमृतसर में हीट वेव का कहर, पारा 44 डिग्री के करीब पहुंचा
भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल, सड़कें दिखीं सूनीदोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी, पानी और पूरे कपड़ों का ले रहे सहाराडॉक्टरों की सलाह — लू से बचने के लिए तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें
अमृतसर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हीट वेव के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है और शहर का तापमान आज करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम देखने को मिली। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को तेज गर्मी का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है। गर्मी से बचने के लिए लोग फुल बाजू के कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकल रहे हैं और अपने साथ पानी की बोतलें भी रख रहे हैं। कई लोग समय-समय पर पानी पीकर खुद को डिहाइड्रेशन से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
लू के खतरे को देखते हुए लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। शहर में जगह-जगह नींबू पानी, शिकंजी और तरबूज की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।
स्थानीय निवासी लवप्रीत सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण दिन के समय घर से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि बिना पानी के बाहर निकलना संभव नहीं है।
डॉक्टर हरजाप सिंह ने लोगों को सलाह दी कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
वहीं मनदीप सिंह और राहुल ने कहा कि दोपहर के समय सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो गया है और लोग गर्मी से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं।
