मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 75 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में मीरजापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अहरौरा और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन चार पहिया वाहनों से 1075 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब और वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहरौरा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना अहरौरा क्षेत्र के ग्राम हिनौता स्थित लखनियादरी मार्ग के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक साथ आ रही तीन संदिग्ध कारों को रोककर तलाशी ली गई, जिनमें भारी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिहार निवासी सूरज कुमार, आकाश कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे।
बरामद वाहनों से ब्लेंडर प्राइड, रॉयल स्टैग, डार्क ब्लैक और मैजिक मूवमेंट समेत विभिन्न ब्रांड की कुल 1075 बोतल शराब बरामद की गई। पुलिस ने तीनों वाहनों को सीज कर दिया है।
इस मामले में थाना अहरौरा में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक आशीष कुमार सिंह, थाना अहरौरा पुलिस टीम तथा प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह, सर्विलांस/एसओजी टीम शामिल रही।
