लखीसराय(सरफराज आलम)कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत लखीसराय संग्रहालय में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर 18 एवं 19 मई 2026 को दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को संग्रहालयों की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ना तथा उनमें विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस, दिनांक 18 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे “आओ चलें संग्रहालय की ओर” विषयक विशेष आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संग्रहालय भ्रमण, प्रदर्शित पुरावशेषों की जानकारी, ऐतिहासिक महत्व पर परिचर्चा तथा सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगंतुकों को संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन मूर्तियों, दुर्लभ सिक्कों, पुरातात्विक अवशेषों एवं ऐतिहासिक धरोहरों से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस, दिनांक 19 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला लखीसराय फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित होगी। कार्यशाला में प्रतिभागियों को विरासत एवं संग्रहालय फोटोग्राफी के विभिन्न आयामों, प्रकाश संयोजन, फ्रेम संरचना तथा सांस्कृतिक धरोहरों के कलात्मक दस्तावेजीकरण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय फोटोग्राफर्स, विद्यार्थियों एवं कला-संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों की सहभागिता अपेक्षित है।
दोनों दिनों के कार्यक्रमों में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। संग्रहालय प्रशासन ने आमजन, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, कला एवं इतिहास प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
