“अवैध फीस का विरोध पड़ा भारी! प्रिंसिपल पर बच्चों को स्कूल से निकालने और पूरे गांव के बच्चों एडमिन करने दी धमकी का आरोप
गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र के निवाड़ी थाना इलाके के पतला गांव स्थित चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज में अवैध फीस को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि स्कूल प्रशासन द्वारा छात्रों और अभिभावकों से निर्धारित शुल्क से अधिक फीस वसूली जा रही थी। जब कुछ अभिभावकों ने मीडिया के सामने आकर अपनी परेशानी और स्कूल की मनमानी को उजागर किया, तो मामला और गरमा गया।
अभिभावकों का कहना है कि मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद स्कूल प्रशासन बौखला गया और जिन छात्रों के परिवारों ने शिकायत की थी, उन बच्चों के नाम स्कूल से काट दिए गए। आरोप यह भी है कि छात्रों को कॉलेज से बाहर निकाल दिया गया और उन्हें आगे पढ़ाई से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कॉलेज प्रिंसिपल की ओर से पूरे पतला गांव को चेतावनी दी गई कि अब गांव के किसी भी बच्चे का कॉलेज में एडमिशन नहीं किया जाएगा। इस कथित धमकी के बाद गांव में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक निवाड़ी थाना पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूल प्रशासन के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित किया जा रहा है। अब सभी की निगाहें पुलिस और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।
