सीएम डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

कार्य पूर्ण होने पर विभागों को शीघ्र हैंडओवर करें संस्थाएं, लक्ष्य के सापेक्ष योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें अधिकारी

रामपुर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्यों एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्यों को गंभीरतापूर्वक लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं।
उन्होंने समीक्षा बैठक के दौरान कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं हेतु धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उनके निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के अंतर्गत पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कार्य पूर्ण कर लिया गया है, वे संबंधित विभाग को कार्य हैंडओवर करना सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के लिए बजट प्राप्त नहीं हुआ है, उनके संबंध में संबंधित विभाग प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र बजट की मांग करें।
समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित आगामी 100 दिवस एवं 6 माह की बिंदुवार कार्ययोजना तथा उसकी वर्तमान प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की पूर्व स्थिति एवं वर्तमान प्रगति के फोटोग्राफ भी अभिलेखों में संलग्न किए जाएं, ताकि कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.दीपा सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.