जल स्रोतों में सावधानी बरतें, सुरक्षा नियमों का पालन करें : जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी

नदी-तालाब में हादसों पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने जारी किए सुरक्षा निर्देशबच्चों को जल स्रोतों से दूर रखें, अभिभावकों से डीएम की अपील

रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि तालाब, पोखर, नदी एवं अन्य जल स्रोतों में डूबने की घटनाएं समय-समय पर संज्ञान में आती रहती हैं। ऐसी स्थिति में अभिभावक अपने बच्चों को तालाब, पोखर एवं नदी में स्नान करने से रोकें तथा यदि बच्चे जल स्रोतों के आसपास हों तो उन्हें अपनी निगरानी में रखें, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि जर्जर एवं टूटी-फूटी नावों पर यात्रा न करें। नाव पर यात्रा करते समय यह सुनिश्चित करें कि नाव सुरक्षित, साफ एवं सूखी हो। छोटे बच्चों को अकेले नाव पर यात्रा न करने दें तथा नाव की क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। साथ ही नाव पर लाइफ जैकेट की उपलब्धता भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति मादक पदार्थों का सेवन कर नदी, तालाब अथवा अन्य जल स्रोतों में प्रवेश न करें। जल स्रोतों पर लगे सुरक्षात्मक चिन्हों एवं चेतावनी संकेतों का पालन करें तथा घाटों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि पानी में किसी भी प्रकार का जोखिमपूर्ण खेल न खेलें। जिन्हें तैरना नहीं आता, वे नदी अथवा गहरे जल स्रोतों से दूर रहें। अधिक गहरे पानी में प्रवेश न करें तथा एक नाव से दूसरी नाव पर कूदने एवं पानी में सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों से बचें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पानी में डूब रहा हो तो आसपास मौजूद लोग तत्काल उसकी सहायता करें एवं एम्बुलेंस सेवा को सूचित करें। यदि व्यक्ति श्वास नहीं ले रहा हो तो उसकी नब्ज जांचें तथा आवश्यकता पड़ने पर सीपीआर देकर तुरंत निकटतम अस्पताल पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पानी में फंस जाए या डूबने लगे तो घबराएं नहीं, शांत रहें। अपने सिर को पानी के ऊपर रखने का प्रयास करें, बैग एवं जूते जैसी भारी वस्तुओं को हटा दें तथा हाथों की सहायता से पानी को ऊपर की ओर उछालते रहें, ताकि आसपास के लोग देखकर सहायता कर सकें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.