रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस अनुराग सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केे निर्देशानुसार आमजन को समयबद्ध एवं प्रभावी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली अथवा औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस ने अधिशासी अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यदि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा शासनादेशों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रत्येक शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसे निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया जाए तथा वार्ता का विवरण अभिलेखों में दर्ज करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारी अपनी स्पष्ट आख्या एवं संस्तुति सहित शिकायतों का निस्तारण पोर्टल पर अपलोड करें।
समीक्षा के दौरान विद्युत, पूर्ति, खंड विकास कार्यालय एवं राजस्व विभाग को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में कोई भी निस्तारण शासनादेशानुसार नहीं पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक विभागाध्यक्ष प्रतिदिन स्वयं आईजीआरएस पोर्टल पर लॉग इन कर शिकायतों की समीक्षा करें तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
