महिला आरक्षण बिल का विरोध कर विपक्ष ने दिखाई गलत मानसिकता : दुष्यंत गौतम

फरीदाबाद में भाजपा की प्रेस वार्ता, विपक्ष पर साधा निशाना 

  • रिपोर्ट- विनोद मित्तल

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम ने शुक्रवार को सेक्टर-15 स्थित अटल कमल भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर विपक्षी दलों पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को समर्थन न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष शुरू से ही नहीं चाहता था कि यह बिल पास हो और इसी कारण सदन में कई तरह के अड़ंगे लगाए गए। दुष्यंत गौतम ने कहा कि 16 और 17 तारीख को आयोजित विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण अधिनियम को पास कराने की तैयारी थी, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की मानसिकता महिलाओं को राजनीति में बराबर की भागीदारी देने के खिलाफ रही है। उनके अनुसार विपक्षी दल नहीं चाहते कि महिलाओं को राजनीति में आरक्षण मिले और इसी कारण उन्होंने इस महत्वपूर्ण बिल को पास नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार महिला आरक्षण से जुड़े प्रयासों का विरोध किया गया है। उन्होंने पूर्व समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि अतीत में भी इस बिल का विरोध किया गया था और सदन में इसे फाड़ने तक की घटनाएं सामने आई थीं। दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संकल्प है कि महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी दी जाए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को अधिकार देना किसी प्रकार का उपकार नहीं बल्कि उनका अधिकार है। महिलाएं देश की आधी आबादी हैं और वे अपनी समस्याओं का समाधान खुद सुझा सकती हैं तथा कानून बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता कांग्रेस सहित उन सभी दलों के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहा है जिन्होंने इस बिल का समर्थन नहीं किया। भाजपा लगातार महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए काम करती रहेगी और आने वाले समय में महिला आरक्षण से जुड़ा बिल जरूर पास होगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.